चेहरे और शरीर को ढककर घरों से निकले लोग
चिलचिलाती धूप को झेलकर परेशान हो चुके लोगों के लिए शुक्रवार का दिन और भी कष्टकारी साबित हुआ। पार 40 के पार जा पहुंचा। सूरज की तपिश ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। भीषण गर्मी की वजह से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। ऐसे में लोगों ने सिर और शरीर को सूती कपड़ों से ढककर और छाते लेकर ही घरों से निकलना मुनासिब समझा। धूप की तेजी को देखते हुए लोग छांव की तलाश में नजर आए।
तेज धूप की वजह से दोपहर के वक्त बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। दिन भर व्यस्त रहने वाली शहर की सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही नजर आए। गर्मी और लू से बचने के लिए लोगों ने बेल का शर्बत, शिकंजी, लस्सी, कोल्ड्रिंक आदि पेय पदार्थों का खूब सेवन किया। गर्मी का असर शहर की नुमाइश में भी नजर आया। शाम ढले जहां नुमाइश में खासी भीड़ हो जाती थी, वहां रात में लोगों ने आना मुनासिब समझा।