कादरचौक। हरियाणा में सराफ के प्रतिष्ठान में हुई दो करोड़ रुपये की चोरी के मामले में वहां की पुलिस कई दिन से क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है। टीम को गांव धनूपुरा व भोजपुर गांव के रहने वाले बदमाशों की तलाश है, जो इस चोरी कांड में शामिल बताए जा रहे हैं। कई दिन से चल रही कवायत के बाद भी पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
हरियाणा के नुहूं जिला के गांव पिनगवां में 27 दिसंबर को करोड़ों रुपये के आभूषण-नकदी दुकान में लूटकर भागे एक आरोपी यादराम को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसने अपने साथियों के नाम बताए, जाे धनूपुरा, भोजपुर, जयपुर, औरैया के रहने वाले बताए गए हैं। यहां पुलिस भी कई बार दबिश दे चुकी है, लेकिन कोई सफलता अब तक हासिल नहीं हो सकी है।
आरोपी घर पर नहीं हैं। मकानों में ताले लगे हुए हैं। इसी को लेकर रविवार को भी एटीएफ की टीम ने भी दबिश दी, लेकिन कोई आरोपी उनके हाथ नहीं लग सका है। टीम क्षेत्र में डेरा जमाए हुए है।
पुलिस टीम आई थी। उनको क्षेत्र के गांव धनूपुरा व भोजपुर के बदमाशों की तलाश है। टीम अपने स्तर से बदमाशों की तलाश कर रही है। टीम ने थाने पर आमद दर्ज कराई थी। थाना स्तर से कोई मामला नहीं है। -डॉ. देवेंद्र कुमार, सीओ, उझानी