हाईकोर्ट के सख्त निर्देश के बावजूद जिले में हर्ष फायरिंग रुक नहीं रही। बदायूं में नई सराय पुलिस चौकी के नजदीक एक बरात में भी हर्ष फायरिंग की गई, जिसमें गोली लगने से 12 वर्षीय अयान की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बालक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
मामला शनिवार रात करीब सवा नौ बजे का है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई सराय से सलमान की बरात अलापुर क्षेत्र के कस्बा ककराला जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बरात निकासी के दौरान ढोल नगाड़े बज रहे थे। इसमें कई लोग खुशी में फायरिंग कर रहे थे। बरात देखने के लिए मोहल्ले के तमाम लोग सड़क किनारे और अपने-अपने घरों के दरवाजे पर खड़े थे।
मोहल्ले का 12 वर्षीय अयान पुत्र नजर अली भी अपने नाना के दरवाजे पर खड़ा था। जैसे ही बरात वहां से गुजरी कि हर्ष फायरिंग में एक गोली उसको सीने में जा लगी। इससे बालक वहीं सड़क पर गिर गया। यह देखकर फायरिंग करने वाले तुरंत मौके से भाग गए।
सूचना पर अयान के नाना और मामा पहुंच गए। वह बालक को तुरंत जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान और सीओ सिटी आलोक मिश्रा मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बालक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया। बालक के नाना चमन ने बताया कि अयान के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। अयान उनके पास रहता है। उन्होंने दूल्हे समेत फायरिंग करने वालों के नाम भी पुलिस को बताए हैं।
नई सराय मोहल्ले में एक बरात निकासी के दौरान हर्ष फायरिंग हुई थी, जिसमें एक बालक की मौत हुई है। उसका शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। फायरिंग करने वालों को तलाश किया जा रहा है। इसके लिए टीम लगा दी गई है।
- प्रवीन सिंह चौहान, एसपी सिटी