नरऊ के बिजली उपभोक्ता एक महीना से बिजली गुल होने से परेशान हैं। आरोप है कि जिस इलाके के लोगों ने लाइनमैन की जेब गर्म कर दी, वहां लाइन ठीक कर सप्लाई मुहैया करा दी गई लेकिन आधे गांव की बत्ती गुल है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नरऊ निवासी ग्रामीण रविवार को बिजली उपकेंद्र पर पहुंचे। ग्रामीणों में महावीर सिंह, अवनीश चौहान और प्रभाशंकर शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों आंधी आई तो तार टूट गए थे। तार टूटने के बाद बत्ती गुल होने की शिकायत अगले दिन जेई से की गई लेकिन जेई ने प्राइवेट लाइनमैन से संपर्क करने की कहकर टरका दिया था। शिकायत के बावजूद जेई ने सच्चाई का पता लगाने का प्रयास नहीं किया है।
कुछ ग्रामीणों ने प्राइवेट लाइनमैन की जेब गर्म करके एक इलाके के लाइन ठीक करा ली लेकिन उसने दूसरे मोहल्ले में जाकर तार खींचने से इंकार कर दिया था। उपभोक्ताओं ने जेई और लाइनमैन के बीच सांठगांठ का भी आरोप लगाया है। बताया कि पिछले दिनों टूटे तारों पर करेंट दौड़ जाने से दो लोग बाल-बाल बच गए थे। उपकेंद्र पर पहुंचे बिजली उपभोक्ताओं में सोनू, सुनील चौहान, धर्मपाल सिंह, रामखिलाड़ी, दयाराम, दीपक कुमार, अनेकपाल और संतोष कुुमार आदि मौजूद थे।