रहेड़िया। सरकारी ट्यूबवेल आठ वर्षों से खराब पड़ा होने के कारण आसपास के रकबे में फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। इसकी वजह क्षेत्र के करीब 40 किसानों को मुफ्त सिंचाई का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है।
वजीरगंज विकास क्षेत्र के गांव रहेड़िया गांव के खेतों में मुफ्त सिंचाई के लिए लगा सरकारी ट्यूबवेल आठ साल से खराब है। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल स्थापित होने के कुछ समय बाद ही पानी की नालियां टूट गईं थीं। विभागीय लापरवाही से नलकूप लंबे समय तक नहीं चल सका। किसान सिंचाई का फायदा नहीं उठा सके। आज भी नलकूप का ढांचा खड़ा है। इस ट्यूबवेल से करीब 40 किसानों की खेती निर्भर रही है।
किसान वीरपाल सिंह का कहना है कि आठ वर्षों से प्राइवेट ट्यूबवेल से सिंचाई कर रहे हैं, जिसका खर्चा ज्यादा आ रहा है। अगर, सरकारी नलकूप रीबोर कराकर ठीक करा दिया जाए तो उन्हें सिंचाई आसान और मुफ्त हो जाएगी।
किसान सत्यवीर का कहना है कि विभाग की लापरवाही का परिणाम किसानों को भुगतना पड़ रहा है। अगर, रीबोर होकर भी ट्यूबवेल नहीं चलता है तो दूसरी जगह दूसरा ट्यूबवेल बनवा देना चाहिए।
रहेड़िया गांव का नलकूप फेल हो चुका है। कार्ययोजना में शामिल किया गया है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, इस पर काम कराया जाएगा।
-पंकज कुमार, अधिशासी अभियंता, नलकूप विभाग
आठ साल से खराब पड़ा सरकारी ट्यूबवेल। संवाद- फोटो : दीक्षा
आठ साल से खराब पड़ा सरकारी ट्यूबवेल। संवाद- फोटो : दीक्षा