सिलहरी। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव लखनपुर में शुक्रवार को हरियाणा के पलवल जिले से पहुंची पुलिस ने ड्रिल मशीन बनाने वाली फैक्टरी से लाखों रुपये का माल चोरी करने के आरोप में दो युवकों की तलाश में दबिश दी। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर छापेमारी की, लेकिन दोनों नहीं मिले।
जानकारी के मुताबिक, गांव लखनपुर के कुछ लोग हरियाणा के पलवल जिले के घटपुरी थाना क्षेत्र स्थित ड्रिल मशीन बनाने वाली फैक्टरी में काम करते थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दो युवक फैक्टरी से लाखों रुपये का माल चोरी कर ले आए थे। सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि हरियाणा पुलिस ने दबिश के संबंध में थाने में आमद दर्ज नहीं कराई हैं। बाहर की पुलिस किस संबंध में दबिश दी जानकारी की जायेगी। संवाद