बदायूं जिले में जिस युवती की तलाश में पुलिस जुटी थी, वह खुद ही थाने पहुंच गई। युवती ने बताया कि उसने अपने प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। बता दें कि युवती के लापता होने पर उसके पिता ने प्रेमी और उसके मामा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
बदायूं जिले में 31 जुलाई को लापता हुई युवती सोमवार को कुंवरगांव थाने पहुंची। उसने ऐसी बात कही, जिसे सुनकर पुलिसवाले भी हैरान रह गए। युवती ने कहा कि उसने प्रेमी से कोर्ट मैरिज कर ली है। वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। सूचना पर उसके घरवाले आ गए। उन्होंने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़ी रही। इसके बाद युवती को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। उसका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। वह कोर्ट में जो भी बयान दर्ज कराएगी, पुलिस अगली कार्रवाई उनके आधार पर करेगी।
विज्ञापन
सोमवार को 19 वर्षीय युवती कुंवरगांव थाने पहुंची थी। वह 31 जुलाई की रात से अपने घर से लापता थी। उसके पिता ने कासगंज निवासी दिलखुश नाम के युवक और उसके मामा रामस्वरूप के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इससे पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी थी। बताते हैं कि युवक की उसके गांव में ननिहाल है। इससे वह युवती के गांव आता-जाता रहता था। इसी दौरान दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
युवती ने कुंवरगांव थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि उसने दिलखुश के साथ कोर्ट मैरिज कर ली है। वह बालिग है और अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती है। हालांकि उसके परिवार वाले लगातार उसे समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह नहीं मानी। देर शाम को पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। एसओ रामेंद्र सिंह ने बताया कि युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। उसके कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। वह जो बयान देगी, उसके आधार पर कार्रवाई होगी।