बदायूं। शहर के व्यस्त रोडवेज चौराहे से रविवार देर रात एक युवती के सरेआम अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जब कार सवार कुछ लोग युवती को जबरन उठाकर ले गए। वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार बदमाशों ने युवती को अचानक घेर लिया और विरोध करने पर जबरन गाड़ी में डालकर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई, लेकिन 15 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लग सका है। बताया जा रहा है कि रोडवेज चौकी पुलिस के पास संदिग्ध कार का नंबर और अन्य अहम जानकारी भी मौजूद है, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
इसको लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, सिविल लाइंस के इंस्पेक्टर क्राइम सुपेंद्र मलिक ने बताया कि युवती अपने परिवारीजन से नाराज होकर चली आई थी। उसकी पहचान कर ली गई है। वह जिला शाहजहांपुर के थाना जैतीपुर के एक गांव की रहने वाली है। उसके पिता का देहांत हो गया है, जबकि मां हास्पिटल में भर्ती है। रविवार रात उसके चाचा व अन्य परिजन उसे रोडवेज बस स्टैंड से ले गए थे।