कोल्ड स्टोरेज की वह जगह जहां से रिसाव हुआ था। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। ओरछी स्थित ओम कोल्ड स्टोरेज के गैस चैंबर में शाम साढ़े सात बजे मरम्मत के दौरान सिलिंडर से अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। इससे एक टेक्नीशियन का हाथ झुलस गया और वह भाग निकला। इसके बाद कई और कर्मचारियों व हाईवे पर जा रहे राहगीरों को सांस लेने में दिक्कत हुई। पास के कोल्ड स्टोर से आए टेक्नीशियन ने वॉल्व लगाकर रिसाव रोका। वहीं राहगीरों को उनके परिजन ने चंदौसी के निजी अस्पतालों में उपचार कराने के लिए भर्ती कराया है। इस दौरान प्रशासन ने एहतियातन मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर यातायात बंद कर दिया। रात नौ बजे यातायात फिर बहाल कर दिया गया।
बृहस्पतिवार शाम को दो बाइक सवार बिसौली से ओरछी चौराहे की ओर जा रहे थे। इस दौरान ओम कोल्ड स्टोरेज से अमोनिया गैस रिसाव हो रही थी। इससे बाइक सवार लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। आगे जाकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आननफानन पहुंची पुलिस ने रिसाव देखकर मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे बंद करा दिया गया। कुछ देर डायवर्जन किया गया। एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि स्टोर मालिक के अनुसार मरम्मत के लिए टीम काम कर रही थी, इसी दौरान गैस रिसाव हुआ। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। संवाद