फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदायूं में बाढ़ का कहर: सिमरिया तेंदू गांव में तेज हुआ कटान, गंगा-महावा तटबंध पर खतरा बढ़ा; सड़कों पर भरा पानी

Fri, 05 Sep 2025 02:10 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं

सार

बदायूं जिले में गंगा नदी में आई बाढ़ के बाद जीना मुहाल हो गया है। लोग अपने सपनों के घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर शरण लिए हुए हैं। ऐसा ही दृश्य सहसवान क्षेत्र में देखने को मिला। वहां काफी लोग पशुओं के साथ आसमान के नीचे ठहरे हैं।
विज्ञापन
सहसवान क्षेत्र में खानाबदोश की तरह रह रहे हैं बाढ़ पीड़ित। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गंगा में 1.81 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद बदायूं जिले में गंगा-महावा तटबंध तक कटान पहुंच गया है। इससे तटबंध को खतरा पैदा हो गया है। आसपास के गांवों में इसे लेकर चिंता और अफरा-तफरी है। कई मार्गों पर इतना जलभराव है है कि नाव और स्टीमर चलाना पड़ रहा है।

विज्ञापन


पूर्व में कटान के चलते सिमरिया तेंदू गांव को दूसरी जगह बसाया गया था। अब फिर से इस गांव में कटान शुरू हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ खंड ने पहले से गांव में बचाव कार्य नहीं किया। इससे लोगों में नाराज़गी है। उसहैत क्षेत्र में पानी धीरे-धीरे घट रहा है। नरौरा से छोड़ा गया पानी देर रात तक यहां पहुंचने की संभावना है। 

बुधवार शाम से गंगा ने सहसवान क्षेत्र के गांव खिरकवारी मानपुर पुख्ता के मजरा आसे नगला गांव के पास तेज़ कटान शुरू कर दिया था। बृहस्पतिवार सुबह तक कटान की रफ्तार और बढ़ गई। गंगा-महावा बांध से कटान करती गंगा की दूरी मात्र पांच से छह मीटर रह गई है। 
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में बाढ़: राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहुंचा पानी, मरीजों को किया गया शिफ्ट; कॉलोनियां जलमग्न

बाढ़ खंड के कर्मचारी ग्रामीणों के साथ मिलकर कटान रोकने के प्रयास कर रहे हैं। बांध के इस पार बसे गांव जामनी और आसे नगला आदि के लोग अपने घरेलू सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं, ताकि अप्रत्याशित स्थिति में नुकसान कम से कम हो। बाढ़ खंड की ओर से तिपाई, पेड़ की डालियां और बालू की बोरियां डालकर कटान रोकने का प्रयास किया जा रहा है।  

 

Trending Videos

नरौड़ा डैम से गंगा में छोड़ा गया 1.81 लाख क्यूसेक पानी
गुरुवार को नरौरा बैराज से गंगा में 1.81 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे कछला में जलस्तर 162.62 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से 22 सेमी ऊपर है। गंगा-महावा बांध के अंदर बसे भमरौलिया, खागी नगला, गिरधारी नगला और तौफी नगला गांव अब भी बाढ़ग्रस्त हैं। ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर पहुंचे हैं और नावों से आवाजाही कर रहे हैं।   

बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचे डीएम, बोले- हर परिवार को मिलेगी मदद
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बृहस्पतिवार को तहसील सहसवान के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित गांव जामुनी मोहन नगला का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति देखी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी परिवार को भोजन, पानी, स्वास्थ्य सुविधा और आवश्यक सामग्री की कमी न हो। 

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में नावों की पर्याप्त व्यवस्था हो और स्वास्थ्य विभाग मेडिकल टीमों को गांव-गांव भेजे। प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता और आवासीय सहयोग भी समय पर मिले। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन हर समय उनके साथ है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई होगी। 

200 हेक्टेयर फसलों का नुकसान
दातागंज क्षेत्र में बाढ़ से क्षति का आँकलन शुरू हो गया है। अब तक लगभग 200 हेक्टेयर फसलें बर्बाद होने की पुष्टि हो चुकी है। एसडीएम धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रभावित इलाकों में राहत के लिए हर्रामपुर, नगरिया खनू और सिमरिया तेंदू में नाव व स्टीमर की व्यवस्था की गई है।

तटवर्ती इलाकों के 18 गांवों में कम होने लगा पानी
क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों में गंगा का पानी उतरना शुरू हो गया है। बाढ़ की चपेट में आए 18 गांवों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। आश्रय स्थलों में ठहरे ग्रामीण अब अपने-अपने गांव लौटना शुरू कर रहे हैं। शिंभू नगला स्थित आश्रय स्थल पर अब भी करीब 40 परिवार मौजूद हैं। प्रशासन तीन बार राशन व मवेशियों के लिए चारा वितरित कर चुका है। 

ग्रामीण सुबह सबसे पहले मवेशियों को चारा-पानी देते हैं, फिर दिनभर परिवार और भोजन की व्यवस्था में लग जाते हैं। गांव जाकर जलस्तर और घर की स्थिति देखकर वापस आश्रय स्थल लौट आते हैं। यहां की आजीविका खेती और दूध के व्यापार पर निर्भर है, जो बाढ़ से प्रभावित हुई है। ग्रामीण प्रशासन से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा मांग रहे हैं।  
रामगंगा नदी किनारे हो रहा है कटान  
रामगंगा का जलस्तर घटा है, लेकिन कटान तेज़ हो गया है। मौसमपुर जरतोली ग्राम पंचायत के सिमरिया तेंदू गांव में देवी मंदिर के पास कटान जारी है। बाढ़ खंड और ग्रामीण पेड़ों की टहनियां डालकर इसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी भारी राशि खर्च की गई थी, लेकिन वास्तव में बचाव कार्य नहीं किए गए। पहले कटे इस गांव को दूसरी जगह बसाया गया था, मगर अब वहां भी रामगंगा कटान कर रही है। 

गड़िया रंगीन–हजरतपुर मार्ग और गड़िया रंगीन–नगरिया खनू मार्ग पर पुल के पास पानी भरने से आवाजाही बाधित है। हर्रामपुर और लालपुर खेड़ा के पास भी जलभराव से लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। नवादा वदन, गड़ियां पैंगमपुर और शेरपुरा के मार्ग पूरी तरह बंद हो चुके हैं।  
विज्ञापन

खतरे के निशान से ऊपर गंगा का जलस्तर  
कछला मीटर गेज पर जलस्तर 162.62 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 22 सेंटीमीटर ऊपर है। नरौरा डैम से बुधवार को 1.81 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे पहले, नौ अगस्त को सबसे अधिक 3.05 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। पिछले एक महीने से गंगा में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें