बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के दातागंज तिराहे के पास शुक्रवार रात दो अलग-अलग जगहों से आठ सटोरिया मैच पर सट्टा लगाते गिरफ्तार किए गए। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।
जवाहरपुरी चौकी प्रभारी अनंत अमौरिया ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि शुक्रवार की रात वह पुलिस बल के साथ रात्रि गश्त कर रहे थे। सूचना मिली कि मझिया बाइपास के पास बने एक टयूबवेल के पास कुछ लोग मैच पर सट्टेबाजी कर रहे हैं। पुलिस ने सूचना पर दबिश दी तो सट्टा लगाते हुए छह लोग मिले।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार कर लिया। गाड़ी में बिठाकर थाने ले आए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम लखनपुर निवासी अजय पटेल, नगला शर्की निवासी सिद्धार्थ पटेल, भकुईया निवासी विशाल पटेल, आमगांव निवासी तरूण कुमार सिंह, मेाहित कुमार व बाबट निवासी कमल कुमार बताया।
इसी के साथ ही दातागंज तिराह के पास से दो लोगों को पुलिस ने हार-जीत की बाजी लगाते हुए गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने अपना नाम जवाहरपुरी के रहने वाले अरुण व प्रीति विहार निवासी मोहित कुमार बताया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की है।