बदायूं। कोतवाली थाना क्षेत्र में आभूषण गिरवी रखने और नकदी हड़पने के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चौधरी काली सड़क निवासी सोनू रस्तोगी, गौरव रस्तोगी और गौरव की पत्नी स्नेहा रस्तोगी के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
चौधरी सराय की जोशी मोहल्ला निवासी शिल्पी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उन्होंने कबूलपुरा (छोटे सरकार रोड) स्थित दुकान के संचालकों सोनू रस्तोगी, गौरव रस्तोगी और स्नेहा रस्तोगी के पास अपनी जरूरत के लिए 6 तोला सोने के आभूषण गिरवी रखे थे। इसके अलावा, पीड़िता ने दुकान संचालक के पास 1,31,000 रुपये भी जमा किए थे। पीड़िता ने बताया कि जब उसे पूरी बात की जानकारी हुई तो वह 13 अप्रैल को आरोपी गौरव रस्तोगी से मिली, जिसने उसे अगले दिन आकर हिसाब करने को कहा था। जब वह उनके घर पहुंची तो उसने देखा कि गौरव रस्तोगी अपने पूरे परिवार के साथ बदायूं स्थित घर को बेचकर जा चुका है।
सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि प्रकरण में तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले में पीड़िता की ओर से दिए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच कराकर मामले की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच उपनिरीक्षक पवन कुमार को दी गई है।