एक सप्ताह पहले बरेली में हुई जनसेवा केंद्र संचालक की हत्या के आरोपी सगे भाइयों के पास से बदायूं की मंडी चौकी पुलिस ने तमंचे की बरामदगी दिखाकर मंगलवार को जेल भेज दिया। मुठभेड़ में गिरफ्तारी के डर से दोनों आरोपियों ने पुलिस से सेटिंग की थी। आरोप है कि इसके लिए खुद पुलिस ने ही तमंचे की व्यवस्था कराई थी। एडीजी के आदेश पर एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बुधवार रात मंडी चौकी प्रभारी वीर सिंह, हेड कांस्टेबल शोभित यादव, कांस्टेबल कालीचरन और सुशील कुमार को निलंबित कर दिया है।
बरेली के थाना बिथरी चैनपुर में 27 नवंबर की शाम जनसेवा केंद्र के संचालक नन्हेबाबू की तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी सगे भाई भूरे और राजवीर यादव निवासी गांव रजऊ परसपुर फरार हो गए थे, जबकि सह आरोपी पूर्व प्रधान चंचल यादव व अन्य को पुलिस ने हिरासत में लिया था। तलाश में जुटी बिथरी चैनपुर पुलिस को पता चला कि बदायूं के सिविल लाइंस के मंडी चौकी क्षेत्र से दोनों को तमंचे के साथ पकड़कर जेल भेज दिया गया है।