उझानी में लिंटर की चटकीं ईंटें गिरने से कमरे में पड़ा मलबा। संवाद
- फोटो : mathura
उझानी। भदवारगंज मोहल्ले में लिंटर गिरने से गृहस्वामी समेत उनकी दोनों बेटियां और डेढ़ साल की मासूम घायल हो गई। धमाके की आवाज सुन मौके पर पहुंचे पड़ोस के लोगों ने घायलों को निजी क्लीनिक में उपचार कराया। हादसा बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे हुआ।
मोहल्ला भदवारगंज निवासी वेदराम मौर्य के कमरे के लिंटर में बारिश के चलते दरार आ गई थी। बृहस्पतिवार रात को परिवार कमरे में बैठकर खाना खा रहा था कि अचानक लिंटर गिरा। उसके मलबे से गृहस्वामी वेदराम (60), उनकी विवाहित बेटियों में बुलंदशहर निवासी बबिता (30), गांव अढ़ौली निवासी गीता (26) और गीता की डेढ़ साल की बेटी जूली घायल हो गई। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिवार और पड़ोस के लोग घायलों को निजी क्लीनिक में ले गए। अफरातफरी के माहौल के बीच मासूम जूली समेत चारों का उपचार कराया गया। वेदराम ने बताया कि उनके बेटे गोविंद का पिछले दिनों हादसे में पैर टूट गया था। दोनों बेटियां उसे देखने के साथ ही राखी बांधने के लिए घर आईं हुईं हैं। गनीमत रही जो मासूम जूली के ऊपर मलबा सीधे नहीं गिरा, वरना तो उसकी जान पर बन आती। हादसे की सूचना के बाद घायल महिलाओं की ससुराल से भी लोग आ गए। घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई।
उझानी में लिंटर की चटकीं ईंटें गिरने से कमरे में पड़ा मलबा। संवाद- फोटो : mathura