उघैती। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर चाचीपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की शाम एक अनियंत्रित छोटा हाथी ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्राम अफजलपुर बुधौती निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने सैफपुर गांव जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक चाचीपुर गांव के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार छोटा हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सड़क से हटाया। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन में भर्ती कराया गया। संवाद