बदायूं। जिले में 23 जनवरी से होने वाली इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं को इस बार और भी पारदर्शी बनाया गया है। शिक्षा विभाग ने शासनादेश के अनुरूप इस बार सचल दल का गठन किया है। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए जा रहे हैं। इनकी निगरानी में ही प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न होंगी।
यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं का समय नजदीक है। 23 जनवरी से परीक्षाएं शुरू होनी हैं। शिक्षा विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। परीक्षा की निगरानी के लिए हर बार सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए जाते रहे हैं, लेकिन इस बार सचल दलों की भी तैनाती की जाएगी। ताकि परीक्षा की अच्छी तरह से निगरानी की जा सके।
मजिस्ट्रेट कॉलेजों का निरीक्षण कर बोर्ड को रिपोर्ट भेजेंगे। वहीं, सचल दल भी परीक्षाओं को पारदर्शी बनाए रखने के लिए निरीक्षण करेगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कॉलेजों को प्रयोगशाला, आवश्यक उपकरण और सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरों की भी रिपोर्ट मांगी गई है। सीसीटीवी कैमरों से लैस केंद्रों पर ही प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी।
छह सचल दल किए जाएंगे गठित
जिले में 15 विकास खंड हैं। जहां प्रत्येक विकास खंड पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा छह सचल दल बनेंगे। इनमें बीएसए और डीआईओएस भी शामिल रहेंगे।