बदायूं। अलापुर के गांव म्याऊं में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक युवक के बैंक खाते से पांच लाख रुपये निकाल लिए। ठगों ने व्हाट्सएप के जरिये एपीके फाइल भेजकर ठगी को अंजाम दिया। फाइल इंस्टॉल करते ही पीड़ित के खाते से रुपये कटने का संदेश आ गया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव म्याऊं निवासी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि वह खेती करते हैं। उसका पीएनबी बैंक में खाता है, इसमें उसका मोबाइल नंबर पंजीकृत है। सात जनवरी को उसके व्हाट्सएप पर पीएनबी नाम की एपीके फाइल आई।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जैसे ही उसने फाइल पर क्लिक कर उसे इंस्टॉल किया, उसके मोबाइल पर खाते से पांच लाख रुपये निकलने का संदेश आ गया। घबराकर वह तुरंत बैंक पहुंचा, जहां खाते से रुपये निकलने की पुष्टि हुई। साइबर थाना प्रभारी विनोध वर्धन ने बताया कि इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
- किसी अनजान नंबर से आए ई-चालान या एप के नाम वाले लिंक या फाइल पर बिल्कुल क्लिक न करें।
- बैंक जानकारी साझा न करें, ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक डिटेल्स या पासवर्ड किसी को न दें।
- असली ट्रैफिक चालान सरकारी वेबसाइट या अधिकृत एप से ही आते हैं, व्हाट्सएप पर एपीके भेजकर रुपये नहीं मांगे जाते।
शिकायत करें: साइबर ठगी का शिकार होने या संदिग्ध मैसेज मिलने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें।