भाकियू का कछला में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां रोकने का एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी। भारतीय किसान यूनियन ने न्योली शुगर मिल प्रबंधन पर किसानों के बकाया का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को गुस्से का इजहार किया। कहा- बकाया भुगतान नहीं होने की स्थिति में 19 दिसंबर से कछला चौराहे से मिल की ओर गन्ना नहीं जाने देंगे।
पंचायत सरौता गांव में शनिवार दोपहर हुई। यूनियन के जिला उपाध्यक्ष जुगेंद्र सिंह ने कहा कि कासगंज जिले की न्योली शुगर मिल पर किसानों का लाखों रुपया बकाया है। भुगतान के अभाव में किसानों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा फैक्टरी में खराब गन्ना बताकर कटौती की जाती है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इसे लेकर 19 दिसंबर को यूनियन के नेता कछला में धरना देंगे। इस दौरान गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को फैक्टरी की ओर नहीं जाने दिया जाएगा।
पंचायत में ब्लॉक अध्यक्ष सोमवीर सिंह ने छुट्टा पशुओं से फसलों को नुकसान का मुद्दा उठाया। कहा- अफसरों को नुकसान के बारे में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन छुट्टा पशुओं को गोआश्रय स्थल पहुंचाने की व्यवस्था नहीं की गई है।
इसके अलावा ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का भी समय रहते लाभ नहीं मिल पा रहा है। 20 दिसंबर को कछला में ही इसे लेकर अनिश्चितकाल धरना भी शुरू किया जाएगा। पंचायत में सुखपाल, धर्मेंद्र सिंह, मोर सिंह, नरायन, राजन चौहान आदि मौजूद रहे।