नगर के लावेला चौक के पास एक क्लीनिक में लगी आग से जला सामान। संवाद
बदायूं। शहर के व्यस्त लावेला चौक पर रविवार सुबह एक इलेक्ट्रो होम्योपैथिक क्लीनिक में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। इससे क्लिनिक में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
क्लीनिक के संचालक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग इतनी भीषण हो गई कि क्लिनिक में रखा फर्नीचर, दवाइयां और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। उन्होंने कहा कि लाखों का नुकसान हुआ है। भीषण आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की अन्य दुकानें भी आग की चपेट में आ सकती थीं।