कुंवरगांव में आग की घटना के बाद पूरी तरह जला हुआ मकान, अंदर का सामान राख में तब्दील। संवाद
कुंवरगांव। कस्बा में सेठ अमीरचंद पैलेस के पास स्थित एक फोटो स्टूडियो में सोमवार देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर स्टूडियो के साथ मकान में रखा लाखों रुपये का सामान राख हो गया। घटना के समय स्टूडियो संचालक परिवार सहित शादी समारोह में गया हुआ था।
थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासी तसब्बर अली ने बताया कि वह कस्बे में फोटो स्टूडियो चलाते हैं। सोमवार रात करीब दस बजे उनकी बंद दुकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। पड़ोसियों ने फोन कर उन्हें घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पर थाना प्रभारी राजेश कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने आसपास के घरों को तत्काल खाली कराया और फायर ब्रिगेड को बुलाया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसी बीच आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घर में खड़ी एक बाइक को बाहर निकाल लिया, जिससे वह जलने से बच गई। हालांकि तब तक स्टूडियो में रखा इन्वर्टर, बैटरी, तीन कंप्यूटर, प्रिंटर, चार एलईडी, दो कैमरे, पांच हार्डडिस्क, टी-शर्ट प्रिंट मशीन, एल्बम-वीडियो सामग्री के साथ करीब 1.20 लाख रुपये जल चुके थे। पीड़ित के अनुसार आग से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।