बिल्सी। नगर के राजकीय डिग्री काॅलेज रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए आए एक वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत चोर लोगों को खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला संख्या एक निवासी जगमोहन आर्य पुत्र आशाराम ने थाना पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि 12 फरवरी 2025 को उनके पिता आशाराम को अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। इस पर वह पिता को पूर्व परिचित डाॅ. प्रसून के नरेन्द्र-गायत्री अस्पताल में लेकर गए। डाॅक्टर को शीघ्र बुलाने की कहने पर वहां मौजूद कंपाउंडर रिजवान उर्फ राजू ने उनके साथ अभद्रता की। इतने पर डाॅ. प्रसून व डाॅ.नरेन्द्र आ गए। शिकायत करने पर वह गाली-गलौज करने लगे। साथ ही पिता का इलाज करने से मना कर दिया। डाॅक्टर द्वारा समय पर पिता को ऑक्सीजन एवं दवा न देने के कारण उनके पिता की मृत्यु हो गई। कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि पीड़ित जगमोहन आर्य की ओर से अस्पताल के संचालक डाॅ. प्रसून वार्ष्णेय समेत चार लोगों के खिलाफ इसकी रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।