विद्युत वितरण खंड प्रथम और द्वितीय ने चेकिंग अभियान के दौरान नौ लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। एक के खिलाफ वजीरगंज थाने में और आठ लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अभियान के दौरान 192 लोगों के कनेक्शन काटे गए।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता अतुल अग्रवाल के नेतृत्व में शहर में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान आठ लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। सभी के खिलाफ अवर अभियंता संतोष कनौजिया की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता छैल बिहारी के नेतृत्व में वजीरगंज में अभियान चलाया गया। यहां एक व्यक्ति को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। इसके खिलाफ बिजली चोरी में पहले भी रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। विभाग ने फिर से रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस दौरान विभाग ने बकाया अदा न करने वाले 192 कनेक्शन काट दिए गए। 11 लाख रुपये की वसूली की गई और 114 लोगों को नए कनेक्शन दिए गए। इधर, रात में अभियान चलाकर आवास विकास कॉलोनी में बिजली चोरी करने वालों की वीडियोग्राफी कराई गई। इन सभी पर जुर्माना ठोका गया है।