कादरचौक थाने में खड़ा किराए का जनरेटर। संवाद
- फोटो : BADAUN
कादरचौक (बदायूं)। लगातार बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का बृहस्पतिवार रात गुस्सा फूट पड़ा। तमाम ग्रामीणों ने कादरचौक और असरासी विद्युत उपकेंद्र में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ कर दी। इससे विद्युत विभाग के कर्मचारी भाग खड़े हुए। जेई अशोक कुमार की मांग पर दोनों उपकेंद्रों पर दो-दो पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
क्षेत्र में कई दिन से बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है। लगातार बिजली सप्लाई न मिलने से किसानों की मूंगफली, मक्का, मेंथा और गन्ना आदि के अलावा तमाम फसलें सूख रहीं हैं। इससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। तो वहीं तमाम फसलें नष्ट होने की कगार पर पहुंच गईं। इसको लेकर क्षेत्र के किसान विद्युत उपकेंद्र पर शिकायतें कर रहे थे। वह अपनी फसलें सूखने का दुखड़ा सुना चुके थे लेकिन इसके बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ। बृहस्पतिवार रात किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने कादरचौक के विद्युत उपकेंद्र पर हमला बोल दिया। यहां एसएसओ के साथ मारपीट कर दी और उपकेंद्र में रखा सामान तोड़ डाला। इससे कर्मचारी उपकेंद्र से निकलकर भाग गए। वहीं दूसरी ओर किसानों ने असरासी के विद्युत उपकेंद्र में घुसकर एसएसओ के साथ मारपीट कर दी व तोड़फोड़ कर दी। दोनों स्थानों पर मारपीट और तोड़फोड़ होने पर जेई अशोक कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। इस पर दोनों विद्युत उपकेंद्र पर दो- दो पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है। जेई ने मारपीट व तोड़फोड़ करने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किराए के जनरेटर से रोशन हो रहा थाना
- बिजली व्यवस्था बिगड़ने से कादरचौक थाने का हाल खराब हो चला है। यहां रोशनी के लिए सौर ऊर्जा का पैनल लगा हुआ है। दो अल्टीनेटर लगे हैं। इसके बावजूद व्यवस्था नहीं सुधर रही है। ये अल्टीनेटर खराब हो चुके हैं। इससे थाने को किराए पर जनरेटर लेना पड़ा है। इसी से थाना रोशन हो रहा है।