बदायूं/ उझानी। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल प्रशासन ने आगामी त्योहार को देखते हुए लालकुआं से राजकोट के बीच विशेष गाड़ियों के संचालन का निर्णय लिया है। इस सुविधा से उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
05045 लालकुआं-राजकोट त्योहार विशेष गाड़ी लालकुआं से सात से 14 सितंबर, 12 अक्तूबर से दो नवंबर तक हर रविवार को चलेगी। वहीं वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआं त्योहार विशेष ट्रेन आठ से 15 सितंबर और 13 अक्तूबर से तीन नवंबर तक हर सोमवार को कुल छह फेरों के लिए संचालित होगी। यह ट्रेन लालकुआं से चलकर किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली जंक्शन, बदायूं, कासगंज, हाथरस सिटी, मथुरा, भरतपुर, दौसा, जयपुर, फुलेरा, मकराना, डेगाना, जोधपुर, लूनी, समदड़ी, जालोर, रानीवाड़ा, पाटन, महेसाना, वीरमगाम, सुरेंद्रनगर होते हुए वांकानेर के रास्ते राजकोट पहुंचेगी। वापसी यात्रा में भी यहीं प्रमुख ठहराव रहेंगे। इसमें सामान्य द्वितीय श्रेणी के दो, शयनयान श्रेणी के 10, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के चार, वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित प्रथम सह द्वितीय श्रेणी के एक व एसएलआरडी के दो सहित कुल 20 कोच लगाए गए हैं।