हत्यारोपी जगेंद्र को जेल भेजती कोतवाली पुलिस। संवाद
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर टांडा में इंटरमीडिएट की छात्रा शिवानी की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी जुगेंद्र ने बताया कि वह और छात्रा पड़ोसी थे। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से आना-जाना था। शुरुआत में छात्रा भैया कहकर बुलाती थी और किसी को उस पर संदेह नहीं हुआ। आरोपी ने बताया कि समय के साथ उसने छात्रा को प्रेमजाल में फंसा लिया और भविष्य के कई सपने भी दिखाए थे। शादी तय होने के बाद बाधा बनने की आशंका पर छात्रा की हत्या कर दी थी।
सोमवार को पुलिस ने आरोपी जुगेंद्र को न्यायालय में पेश किया, इसके बाद कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, कोतवाली पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 24 जून 2026 को उसका रिश्ता अलापुर थाना क्षेत्र के गांव खरखोली की एक लड़की के साथ तय हो गया था। खोद भराई की रस्म भी हो चुकी थी। इसके बाद उसने छात्रा से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। उसे आशंका थी कि छात्रा उसकी शादी में बाधा बन सकती है। इसी डर से उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची और अकेले ही वारदात को अंजाम दिया, ताकि किसी अन्य व्यक्ति को इसकी भनक न लग सके।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे लोगों की जानकारी भी मिली है, जिन्होंने घटना वाले दिन आरोपी को मक्का के खेत से निकलते हुए देखा था। कई लोगों से जानकारी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद आरोपी ने छात्रा की हत्या करने की बात कहते हुए निशानदेही पर छात्रा का शव बरामद कराया था। इधर, सीओ आलोक सिद्धू ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों का अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सभी कड़ियां स्पष्ट हो सकें।