उझानी। बीमार बेटी के इलाज के लिए रुपये पहुंचाने जा रहे पिता से ठगों ने 15 हजार की ठगी कर ली। घटना वरी वाले बाइपास पर महाराणा प्रताप चौक के पास शुक्रवार सुबह करीब सात बजे हुई।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव घटियारी निवासी हरिओम ने पुलिस को बताया कि बेटी बीमार है। हरियाणा के पानीपत में उसका इलाज चल रहा है। इलाज के लिए 15 हजार रुपये देने जाने के लिए वह चौक पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक आए। दोनों ने खुद को बैंक कर्मी बताया।
दोनों ने हरिओम से यह भी कहा कि उन्हें भी पानीपत जाना है। उनके पास कार है। इसके बाद दोनों ने उन्हें पारिवारिक बातों में कुछ ऐसे उलझाया कि हरिओम ने अपने पास मौजूद 15 हजार रुपये उनमें से एक युवक को थमा दिए। बाद में उन्हें नोट अंदर रखे होने की कहकर एक लिफाफा थमा दिया। इसके कुछ देर बाद ही दोनों युवक कार लाने की बात कहकर वहां से खिसक लिए।
जब वह कार लेकर उनके पास नहीं लौटे तो हरिओम ने लिफाफा खोलकर देखा। अंदर कागज के टुकड़े देख उनके होश फाख्ता हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने हरिओम को अपने साथ ले जाकर दोनों आरोपियों को खोजने की कोशिश भी की, लेकिन वह कहीं पर नजर नहीं आए। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में कोतवाली पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।