उसावां। अलापुर नखासा बाजार से भैंस बेचकर लौट रहे किसान की जेब से एक लाख की टप्पेबाजी करने के मामले में बृहस्पतिवार की देर रात उसावां और हजरतपुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान फर्रुखाबाद जिले के कायमगंज थाना क्षेत्र के ममापुर निवासी गौरव पुत्र रतन सिंह, रॉकी पुत्र सौकीन उर्फ अंतराम व कादरीगेट थाना क्षेत्र के लकुला निवासी सुरजीत पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। मुठभेड़ में तीनों के पैर में गोली लगी है, जबकि कांस्टेबल राजू भी घायल हो गए।
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के वाराकलां निवासी बहोरन सिंह यादव ने 18 जुलाई को अलापुर के नखासा बाजार में अपनी भैंस एक लाख रुपये में बेची थी। रकम जेब में रखकर वह टेंपो से घर लौट रहे थे। म्याऊं के बाद आगे जाने के लिए दूसरे टेंपो में बैठे। मरौरी के पास कुछ अन्य युवक भी टेंपो में बैठे। कुछ दूर जाकर युवकों ने टेंपो रुकवाया और वहीं मौजूद बाइक सवारों के साथ चले गए। युवकों के जाने के कुछ देर बाद जब उन्होंने जेब देखी तो रुपये गायब थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार-शुक्रवार की रात सिद्धनाथ मंदिर के पास तीन संदिग्धों के लूट की नीयत से खड़े होने की सूचना मिली। उसावां और हजरतपुर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गौरव, रॉकी और सुरजीत के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, सात कारतूस, तीन खोखे और 26,750 रुपये बरामद किए हैं।
तीनों आरोपियों और घायल कांस्टेबल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने 18 जुलाई को किसान के एक लाख रुपये चुराना स्वीकार किया है। शुक्रवार को तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
सिद्धनाथ मंदिर के पास तीन आरोपियों के लिए दो थानों की फोर्स के साथ घेराबंदी की गई थी। मुठभेड़ में तीनों को पकड़ लिया गया। तीनों का क्राइम रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। मुठभेड़ में सिपाही दाहिने हाथ में गोली लगने से घायल हो गया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। - अशेष नाथ सिंह, क्षेत्राधिकारी दातागंज
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी। स्त्तोत पुलिस
पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी। स्त्तोत पुलिस