बदायूं। किसानों को प्रोत्साहित करने एवं उत्पादन बढ़ाने के लिए कृषि विभाग की ओर से दलहन और तिलहन बीज का मिनी किट निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए किसानों को 25 सितंबर तक एग्री दर्शन पोर्टल (https://agridarshan.up.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत ने बताया कि इसमें चना 16 किलो, मटर 20 किलो, मसूर 8 किलो और राई-सरसों 2 किलो के बीज मिनी किट हैं। उन्होंने बताया कि एक किसान को केवल एक ही फसल का मिनीकिट मिलेगा। साथ ही केवल वही किसान आवेदन कर सकेंगे जो कृषि विभाग में पंजीकृत हैं। यदि किसी विकास खण्ड में लक्ष्य से अधिक आवेदन आते हैं तो लाभार्थियों का चयन डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति लॉटरी प्रणाली से करेगी।