बदायूं के उझानी कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए किसान की सोमवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमॉर्टम कराया। हादसा उझानी कोतवाली क्षेत्र में गांव गुराई के पास हुआ था।
विज्ञापन
गांव गुलड़िया निवासी राजेंद्र सिंह पटेल (55) अपनी बहन के घर गुराई से लौट रहे थे। वह वाहन के इंतजार में खड़े थे। इसी बीच किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार देर शाम गंभीर हालत होने पर उन्हें बरेली रेफर कर दिया गया।
परिजन उन्हें बरेली ले जा रहे थे। जहां रास्ते में किसान ने दम तोड़ दिया। परिजन शव घर ले आए। मूसाझाग पुलिस को सूचना दी। मूसाझाग एसओ मान बहादुर सिंह ने बताया कि हादसा उझानी क्षेत्र में हुआ है। वहां की पुलिस ने पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की है।