गुलड़िया (बदायूं)। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कंडेला में बुधवार शाम गेहूं की बुआई के दौरान 24 वर्षीय हेमपाल की रोटावेटर से कटकर मौत हो गई। हेमपाल अपने पड़ोसी के खेत में गेहूं की बुआई कराने गए थे। परिवार वाले उनका शव घर ले गए हैं।
यह हादसा बुधवार शाम हुआ। उस दौरान मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कंडेला निवासी हेमपाल अपने परिवार के बाबू के खेत में गेहूं की बुआई करा रहे थे। परिवारवालों के मुताबिक हादसे के दौरान वह स्वयं ट्रैक्टर चला रहे थे। जबकि बाबू खेत में गेहूं बो रहे थे। इसी दौरान अचानक हेमपाल चक्कर आने से ट्रैक्टर से गिर गए। इस समय ट्रैक्टर से कुचलकर रोटावेटर में फंस गए। जब तक बाबू का उन पर ध्यान गया तब तक ट्रैक्टर खेत में घूमता रहा। बाबू ने किसी तरह ट्रैक्टर रोककर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। इससे हेमपाल के परिवार वाले और गांव के कई लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बमुश्किल रोटावेटर हटाकर हेमपाल के शव को बाहर निकाला। उसके बाद परिवार वाले उनके शव को अपने घर ले गए। अभी इस संबंध में थाना पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। हेमपाल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे।