सिलहरी। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में दलित किशोरी से छेड़खानी और विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसके पति की 15 साल पहले मौत हो गई थी, तब से वह अपने भाइयों के घर रह रही है। दिवाली की रात उसकी बेटी दीपक लेकर मंदिर गई थी। लौटते समय कुएं के पास गांव के गोविंद ने उसे खींचकर खेत में ले जाने की कोशिश की। किशोरी किसी तरह छूटकर घर पहुंची और मां व नाना को घटना की जानकारी दी। पीड़िता के मामा ने आरोपी को एक थप्पड़ मारकर भांजी से दूर रहने को कहा।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी आग बबूला हो गया और परिवार के लोगों के साथ आकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर लाठी-डंडों से परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में पीड़िता के नाना को गंभीर चोट आई। अब भी उनकी हालत गंभीर है। मामा और मामी भी घायल हुए हैं। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
सीओ सिटी सुमेध मिलिंद जाधव ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर गांव निवासी गोविंद, सेवाराम, विमला देवी, काजल, सरिता और हर्षित के खिलाफ एससी-एसटी और विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।