पहले चरण में छह जिलों में भूखंडों का आवंदन
फिलहाल, पहले चरण में छह जिलों में भूखंडों के आवंटन पर जोर दिया जा रहा है। इन छह जिलों में मेरठ, उन्नाव, बदायूं, संभल, हरदोई और शाहजहांपुर शामिल हैं। मेरठ में भूखंड की दर सबसे अधिक निर्धारित की गई है, जबकि हरदोई में यह दर सबसे कम है। यह कदम क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है। इन औद्योगिक क्षेत्रों से राज्य के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।
बदायूं में 5200 रुपये वर्ग मीटर दर से आवंटित की जा रही भूमि
विभागीय जानकारों ने बताया कि बदायूं जिले में औद्योगिक भूखंडों के लिए आवंटित की जाने वाली भूमि की दर 5200 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। इसके साथ ही मेरठ में सबसे ज्यादा 11147 रुपये प्रति वर्ग मीटर, उन्नाव में 5250, संभल में 5000, हरदोई 3800 व शाहजहांपुर में 4400 रुपये प्रति वर्ग किलोमीटर की दर रखी गई है। बदायूं में सबसे पहले बरेली मार्ग पर घटपुरी के पास यह काम होगा। इसके बाद पापड़ दातागंज के पास औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकेगा।
बदायूं में 269 एकड़ भूमि अधिग्रहण हुई
यूपीडा ने औद्योगिक, वाणिज्यिक और लॉजिस्टिक केंद्रों (आईएमएलसी) के लिए छह जिलों में बड़े पैमाने पर भूमि का अधिग्रहण किया है। मेरठ में 529 एकड़ भूमि अधिग्रहित की गई है, जो इन जिलों में सबसे अधिक है। उन्नाव में 333 एकड़, बदायूं में 269 एकड़ और संभल में 591 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है। हरदोई में 335 एकड़ और शाहजहांपुर में 252 एकड़ भूमि औद्योगिक विकास के लिए तैयार की गई है। इन अधिग्रहित भूखंडों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्राधिकरण निवेशकों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रोत्साहन भी दे रहा है। यह पहल औद्योगिक विकास को गति देने में सहायक होगी।
उद्घाटन समारोह के लिए तैयार होने लगा पांडाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इस भव्य समारोह के लिए बदायूं जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। बरेली मार्ग पर बिनावर के पास उद्घाटन कार्यक्रम के लिए पंडाल आदि लगाने का काम रविवार को शुरू कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन और यूपीडा के अधिकारी तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
डीएम अवनीश राय ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे किनारे औद्योगिक विकास के लिए भी काम चल रहा है। 29 अप्रैल को होने वाले उद्घाटन समारोह की तैयारी भी पूरी की जा रही है।