शिवनाडर फाउंडेशन की ओर से आयोजित विद्या ज्ञान परीक्षा रविवार को शहर के चार केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। कक्षा छह में प्रवेश के लिए जिले के 2799 छात्र-छात्राओं ने दोनों पालियों ने परीक्षा दी। जबकि 2967 बच्चे अनुपस्थित रहे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुबह 10 बजे से राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज तथा इस्लामिया इंटर कॉलेज में परीक्षा शुरू हुई। पहली पाली में छात्राओं की परीक्षा कराई गई। इसमें पंजीकृत 3185 में से 1227 ने परीक्षा दी। जबकि 1958 गैरहाजिर रहे। इसी प्रकार दोपहर ढाई बजे से शुरू हुई दूसरी पाली में छात्रों की परीक्षा हुई। इसमें जिलेभर से पंजीकृत 2581 में से 1572 परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 1009 अनुपस्थित रहे। परीक्षा की व्यवस्था की जिम्मेदारी मुख्य रूप से मोहम्मद असरार ने निभाई। इसके अलावा समस्त खंड शिक्षा अधिकारी भी केंद्रों पर डटे रहे। बीएसए कृपा शंकर वर्मा ने भी केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अभिभावकों की रही भीड़
बदायूं। प्रवेश परीक्षा में बैठने वाले बच्चे छोटे थे। लिहाजा अभिभावकों की भीड़ केंद्रों के बाहर डटी रही। शहर के जीआईसी में मेले जैसा माहौल रहा। दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा देने आए बच्चों के अभिभावक केंद्र के बाहर बैठकर बच्चे का इंतजार करते रहे। इसके अलावा एसके, जीजीआईसी, इस्लामिया के बाहर भी भीड़ जमा रही।