वजीरगंज। बाबू को नियम विरुद्व नगर पंचायत के ईओ का चार्ज दिए जाने की जांच एसडीएम बिसौली सीपी सरोज ने बृहस्पतिवार से शुरू कर दी। उन्होंने नगर पंचायत पहुंचकर ईओ का चार्ज संभाल रहे शैलेंद्र यादव के बयान दर्ज किए और उनसे पूछताछ की।
नगर पंचायत वजीरगंज के ईओ का चार्ज शैलेंद्र यादव संभाल रहे हैं। शैलेंद्र यादव बरेली विकास भवन में बाबू के पद पर तैनात रहे थे। चार जुलाई को बाबू को नियम विरुद्व ईओ का चार्ज दिऐ जाने की शिकायत एक सभासद ने उच्च अधिकारियों समेत शासन से की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए शासन ने जांच के लिए लिखा था। एडीएम प्रशासन राम निवास शर्मा ने मामले की जांच एसडीएम बिसौली सीपी सरोज को सौंपी थी। बृहस्पतिवार को एसडीएम सीपी सरोज नगर पंचायत पहुंचे। यहां अभिलेखों की जांच करने के साथ उन्होंने शैलेंद्र यादव के बयान भी दर्ज किए। एसडीएम सीपी सरोज ने बताया कि उन्होंने शैलेंद्र यादव के बयान दर्ज किए हैं। अभिलेखों की भी जांच की है। जांच जल्द पूरा कर ली जाएगी। इधर, जांच शुरू होने के बाद बृहस्पतिवार को नगर पंचायत में चर्चाओं का दौर जारी रहा। कहा जा रहा है कि शैलेंद्र यादव के खिलाफ कार्रवाई तय है।