बदायूं। मंगलवार रात बदमाशों का एक बड़ा गैंग उझानी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसमें पुलिस ने आठ बदमाश दबोचे हैं। उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की लेकिन पुलिस खुद को बचाते हुए उन्हें पकड़ने में कामयाब रही। उनके पास से छह तमंचे, एक चाकू, एक तलवार और लूट का माल बरामद हुआ है।
उझानी इंस्पेक्टर विनोद कुमार चाहर अपनी टीम में शामिल एसआई जितेंद्र कुमार सक्सेना, एसआई अशोक कुमार, एसआई संजय सिंह, सिपाही बन्टू चौधरी और कुशकांत के साथ मंगलवार रात उझानी बाईपास पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि मानकपुर को जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक ट्यूबवेल की छत पर कुछ बदमाश लूटपाट करने की योजना बना रहे हैं। उनकी सूचना पर सर्विलांस और स्वाट टीम भी पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर दी। वहीं बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर आठ बदमाशों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास छह तमंचे, एक चाकू, एक तलवार, लूटे गए गहने और 9660 रुपये की नकदी बरामद हुई है। उन्हें कोतवाली लाया गया, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम इकबाल उर्फ रमजान पुत्र हमीद निवासी मोहल्ला हैदर नगर थाना अलीगंज बरेली, हनीफ उर्फ तालिब पुत्र हमीद निवासी परा दातागंज, इकबाल पुत्र सल्लन निवासी मोहल्ला गद्दीटोला उझानी, फरहान उर्फ पप्पू पुत्र मुन्ना सरफराज और हसीफ कुरैशी उर्फ अमन पुत्र नौशे निवासी खंडसारी मोहल्ला सदर कोतवाली, फिरासत पुत्र शौकीन निवासी कबूलपुरा कोतवाली, भूरा पुत्र बैसर और पप्पू पुत्र जलालुद्दीन निवासी अहिरवारा सिकरोड़ी थाना बिनावर बताए हैं। इस गैंग ने छह जुलाई को गठौना और 31 अगस्त की रात कृष्णा कॉलोनी उझानी में चोरी की थी। इसके अलावा बरेली, बिनावर, आंवला, वजीरगंज, विसारतगंज, सिकंदराराऊ, कासगंज, एटा आदि में घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने इस गैंग का खुलासा एसपी सिटी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सीओ उझानी विनय कुमार द्विवेदी, सर्विलांस प्रभारी इंस्पेक्टर रामगोपाल शर्मा स्वाट टीम प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह यादव की मौजूदगी में किया।