बिल्सी। शासन के निर्देश पर बिजली बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र के दस लोगों के खिलाफ चोरी से बिजली जलाने के आरोप में विभाग की ओर से जिला मुख्यालय स्थित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है, जिससे बकायेदारों में खासा हड़कंप मच गया है।
जेई धर्मात्मा कुमार गौड़ ने बताया कि बकायेदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीते दिन बुधवार को क्षेत्र के गांव अंबियापुर निवासी आलोक पुत्र दिनेश, प्रेमपाल पुत्र डोरीलाल, पूरन पुत्र मुकदीलाल, पप्पू पुत्र चेतराम, कुंवरसेन पुत्र चतुरी, राजेंद्र कुमार पुत्र तुर्सी, कुंवरपाल पुत्र साधूराम, दिलशाद पुत्र मोहम्मद रजा, मोनू पुत्र रामेश्वर, अबरार हुसैन पुत्र अनवर हुसैन का पिछले दिनों बिजली की बकाया अदा न करने पर कनेक्शन काट दिए गए थे। बावजूद इसके चेकिंग अभियान में ये लोग चोरी से बिजली का उपभोग करते पाए गए। इनके खिलाफ विद्युत थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। विभाग के इस अभियान से लोगों में खासा हड़कंप मचा हुआ है। जेई ने बताया कि विभाग बकायेदारों प्रति काफी सख्त हो गया है। व्यवसायिक उपभोक्ताओं पर पांच हजार और घरेलू एवं निजी नलकूपों पर दस हजार रुपए की बकाया होने पर कनेक्शन काटने के कड़े निर्देश जारी कर दिए गए हैं।