बदायूं शहर के एक निजी अस्पताल की महिला डॉक्टर का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक अविवाहित युवती का गर्भपात कराने के 10 हजार रुपये में सौदा करती नजर आ रही हैं। इसकी शिकायत पर सीएमओ ने जांच शुरू करा दी है।
फिलहाल चिकित्सक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वायरल हुआ वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है। ये वीडियो गांधी ग्राउंड पनबड़िया के नजदीक एक अस्पताल का बताया जा रहा है।
वीडियो के मुताबिक मंगलवार को निजी अस्पताल में दो महिलाएं पहुंचीं थीं। उन्होंने महिला डॉक्टर से बात की। उनसे कहा कि उन्हें गर्भपात कराना है। कितने रुपये लग जाएंगे। महिला डॉक्टर ने पूछा कि अगर अविवाहित है तो 10 हजार रुपये।
विवाहित है तो इससे कम में हो जाएगा। फिर उसने पूछा गर्भपात कब हो सकता है। डॉक्टर ने बताया कि वह लड़की को आज ले आएं, अभी ले आएं। काम हो जाएगा। इस दौरान एक व्यक्ति ने महिला डॉक्टर का वीडियो भी बना लिया।
बुधवार को ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर सीएमओ डॉ. यशपाल सिंह ने इसकी जांच एसीएमओ डॉ. केके जौहरी को सौंपी है। फिलहाल निजी अस्पताल की महिला चिकित्सक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी जांच के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।
ये मामला मंगलवार शाम का बताया जा रहा है। उन्होंने किस का गर्भपात कराने की बात कही है। इतने रुपये क्यों मांगे हैं। फिलहाल इसका तभी पता चलेगा, जब इसकी जांच रिपोर्ट सामने आएगी। इसकी जांच कराई जा रही है। उसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. यशपाल सिंह, सीएमओ