बदायूं। मंगलवार को हुई बारिश से आधा से ज्यादा शहर की बिजली ठप रही। रात में हुई बारिश से शहर में लाइनों में फॉल्ट होने शुरू हो गए, जिससे शहर में कई जगह पूरी रात बिजली की सप्लाई नहीं रही। इससे शहर में पानी की सप्लाई की समस्या हो गई। नगर पालिका प्रशासन ने कई मोहल्लों में टैंकर से पानी की आपूर्ति कराई। शहर के कई क्षेत्रों में 15 घंटे बाद बिजली की सप्लाई शुरू हो सकी।
शहर में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए हर साल करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन व्यवस्था में कोई बदलाव देखने को नहीं मिल रहा। मंगलवार रात बारिश होने के कारण आधे से ज्यादा शहर में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। रात भर बिजली न होने के कारण उपभोक्ताओं को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। सुबह घरों में पानी की समस्या हो गई। बिजली न होने से न ही घरों की मोटरें चल पाईं और न ही जल निगम की टंकियों की सप्लाई पूरे समय मिल पाई। शहर के कुछ मोहल्लों में टैंकर से पानी की आपूर्ति की गई।
कुंवरगांव। नगर में बारिश के चलते मंगलवार रात से लेकर बुधवार शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। और बीच-बीच में ट्रिपिंग के साथ ही सप्लाई मिल सकी। हालात ऐसे रहे कि नगरवासियों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
सबसे ज्यादा प्रभावित रहे पनबड़िया उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ता
बारिश से शहर के कई क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। रात भर लोगों के घरों में बिजली नहीं पहुंची। शहर के जोगी पुराना बाजार, सोथा, शिवपुरम, नेकपुर सहित कई मोहल्लों में बिजली की आपूर्ति बाधित रही। सुबह में उपभोक्ताओं ने बिजली कर्मचारियों को फोन करना शुरू कर दिया। कर्मचारी भी रात में हुए फॉल्ट को तलाशने निकले। कई जगह बिजली की एलटी लाइनें टूट गईं, जिन्हें लाइनमैनों ने पहुंचकर ठीक किया। शाम चार बजे तक शहर में 90 प्रतिशत आपूर्ति बहाल कर दी गई। सबसे ज्यादा उपभोक्ता पनबड़िया उपकेंद्र के प्रभावित हुए।
सैदपुर में 20 घंटे बाधित रही बिजली आपूर्ति
सैदपुर। विद्युत उपकेंद्र पर 33 केवी लाइन में खराबी के कारण पिछले 20 घंटे से आपूर्ति ठप है। बिजली न आने से इस केंद्र से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन गांवों की सवा लाख आबादी प्रभावित है।
मंगलवार की रात बारिश से 33 केवी की लाइन सैदपुर और बिसौली के मध्य तकनीकी खराबी के कारण फेल हो गई। पावर कॉरपोरेशन निगम के कर्मचारियों के प्रयास के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जेई रामस्वरूप ने बताया कि 33 केवी की लाइन में तकनीकी खराबी ठीक करने के लिए कर्मचारी कार्य में लगे हुए हैं। शीघ्र ही आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। संवाद
बारिश के कारण शहर में कई जगह फॉल्ट होने से कई क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही। कर्मचारियों की ओर से कमी को ठीक कर शाम तक सप्लाई सुचारू करा दी गई। - चंद्रशेखर कुमार, अधीक्षण अभियंता
शिवपुरमं में खड़ा किया पानी का टैंकर। संवाद
शिवपुरमं में खड़ा किया पानी का टैंकर। संवाद