धनी नगला गांव में बिजली न आने को लेकर विरोध जताते ग्रामीण। स्रोत- ग्रामीण
दातागंज। तहसील व ब्लॉक दातागंज के ग्राम आजमपुर विसौरिया के मजरा धनी नगला में ग्रामीण फीडर से नियमित बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। विकास के दावों के बीच यह गांव आज भी अंधेरे में है। ग्रामीण आज भी कृषि फीडर से सीमित और अस्थिर आपूर्ति पर निर्भर हैं। इसको लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि करीब सात वर्ष पूर्व क्षेत्र के सभी गांवों में विद्युतीकरण कार्य किया गया था। उस समय धनी नगला में भी कागजों पर बिजली कनेक्शन दिखा दिए गए, लेकिन हकीकत में गांव में आज तक ग्रामीण फीडर से आपूर्ति शुरू नहीं की गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि यह सब उस समय के ग्राम प्रधान और विभाग के कुछ भ्रष्ट कर्मचारियों की मिलीभगत का परिणाम है। ग्रामवासियों ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों को शिकायत पत्र और प्रार्थनापत्र दिए गए, लेकिन अब तक किसी स्तर से कार्रवाई नहीं हुई है।
अधिकारी मौन बने हुए हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने कहा कि जब शासन हर घर रोशनी का नारा दे रहा है, तब भी धनी नगला जैसे गांव अंधेरे में जीने को मजबूर हैं। सात वर्षों बाद भी यदि लोगों तक बिजली की रोशनी नहीं पहुंची है, तो यह विकास योजनाओं पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।