नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज गया। चुनाव आयोग की ओर से शुक्रवार शाम से चुनाव आचार संहिता लागू कर दी गई। जिले में नवागत डीएम की ओर से भी आदेश जारी दिया गया। चूंकि जिले में मतदान पहले चरण में 22 नवंबर को होगा, अधिसूचना 28 अक्तूबर को जारी होगी, नामांकन छह नवंबर तक होंगे।
आचार संहिता लगने के साथ ही प्रशासन ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। नए डीएम दिनेेश कुमार सिंह ने शुक्रवार को चार्ज संभालने के साथ चुनाव संबंधी जानकारियां अधीनस्थ अफसरों से ली। उन्होंने बताया कि चुनाव आचार संहिता शुक्रवार शाम तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसका पूरा पालन कराया जाएगा। उल्लंघन करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर में लगे पोस्टर बैनर हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
उधर, आरक्षण लिस्ट फाइनल होने और मतदान की तारीख का एलान होने से सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने तैयारी तेज कर दी है। भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस समेत सभी दल एक-दो दिन में अपने प्रत्याशी तय कर देंगे।
--
प्रशासन के लिए अग्नि परीक्षा
बदायूं। निकाय चुनाव और मेला ककोड़ा शांतिपूर्ण कराना प्रशासन के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं होगा। प्रथम चरण में ही बदायूं जिले में मतदान होने की वजह से जिला प्रशासन के सामने गंभीर समस्या आन खड़ी हुई है। वजह है कि यहां ककोड़ा मेला भी शुरू हो रहा है। 29 अक्तूबर को ही मेले में झंडी और गंगा का पूजन होगा और शनिवार को अधिसूचना भी जारी होगी। एक साथ दोनों बड़े और महत्वपूर्ण कार्य होने की वजह से जिला प्रशासन की दिन और रात की नींद उड़ना लाजिमी है।
हालांकि जिला प्रशासन यहीं दावे कर रहा है कि चुनाव को लेकर उसकी सभी तैयारियां पूरी हैं। कौन-कौन से अधिकारी चुनाव में लगाए गए हैं उन्हें अवगत कराया दिया गया है। साथ ही मेले की व्यवस्थाओं में जिला पंचायत प्रशासन लगा है। प्रशासन का दावा है कि मेला पहले खत्म हो जाएगा। प्रशासन का पूरा ध्यान मेला और निकाय चुनाव पर है।
--
... मेले पर पड़ सकता है प्रभाव
बदायूूं। निकाय चुनाव का प्रभाव मेला ककोड़ा पर पड़ सकता है। लोगों का कहना है कि मेले के ऐन वक्त पर चुनाव की तिथि घोषित हुई है सो मेले पर भी चुनाव का असर देखने को मिल सकता है। वजह है कि प्रत्याशी चुनाव में व्यस्त रहेंगे।