बदायूं। कादरचौक थानाक्षेत्र के गांव शिवाया हामिदपुर में शुक्रवार सुबह बाइक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमॉर्टम को भेजकर आरोपी बाइक सवार की तलाश शुरू कर दी है। महिला की मौत से परिजनों में चीख पुकार मच गई है।
गांव शिवाया हामिदपुर निवासी रामबेटी (60) अपने पति कोमिल राम की मौत के बाद 20 साल से मायके में घर बनाकर रह रही थी। रामबेटी की ससुराल कासगंज जिले के बोहरा थाना क्षेत्र के गांव निभिया में है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे रामबेटी किसी काम के सिलसिले में कादरचौक पैदल जा रही थी। इसी बीच गांव शिवाया हामिदपुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सिर के बल सड़क पर गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार भाग गया।
पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से अचेत रामबेटी को सीएचसी भिजवाया। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग भी रोते बिलखते सीएचसी पहुंच गए। आरोपी बाइक सवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर धनंजेय सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।