बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज से दवा लेकर मोपेड से घर लौट रहे पिता-पुत्र को खंदक गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में मोपेड सवार बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका बेटा भी चोटिल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई।
सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव बहावलपुर निवासी मुकर्रम (70) अपने बेटे तोहिद के साथ सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज दवा लेने आए थे। दवा लेने के बाद दोनों मोपेड से घर लौट रहे थे। सहसवान कोतवाली क्षेत्र में खंदक गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे में मुकर्रम के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मौके पर जुटे लोगों ने दोनों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर मुकर्रम को चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। तोहिद को मामूली चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बाइक सवार को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर प्राप्त होने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।