बदायूं। बीएसए ने सोमवार को परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इसमें प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर सुबह बंद मिला, जबकि यहां पर तैनात प्रधानाध्यापक को अनियमितताओं के चलते पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय कुलचौरा, प्राथमिक व उच्च विद्यालय उनौला में अधिकतर स्टाफ स्कूल बंद होने से पहले ही चला गया। ऐसे में सभी का वेतन/ मानदेय रोकते हुए तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
बीएसए आनंद प्रकाश शर्मा ने एक जुलाई को जिले में कार्यभार ग्रहण किया था। उनके अगले दिन से ही बीएसए ने ताबड़तोड़ निरीक्षण करना शुरू कर दिया। सोमवार को बीएसए ने सुबह 8:20 पर प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर का निरीक्षण किया तो वह बंद मिला। कुछ देर बाद शिक्षामित्र अनीता रानी ने विद्यालय खोला। वहीं सहायक अध्यापक संध्या, शिक्षामित्र मीना पाठक, रेखा सक्सेना तब भी नहीं पहुंचीं। ऐसे में उन सभी का वेतन/ मानदेय रोका गया। अनियमितताओं के चलते इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक कुलदीप यादव पहले से निलंबित चल रहे हैं।
इसके बाद में उच्च प्राथमिक विद्यालय रसूलपुर के निरीक्षण में सहायक अध्यापक रजनी शाक्य अनुपस्थित मिलीं। दोपहर में प्राथमिक विद्यालय मानपुर कुलचौरा के निरीक्षण में शिक्षामित्र दुर्गावती स्कूल बंद होने से पहले ही चली गई थीं। प्राथमिक विद्यालय उनौला में दोपहर 1:25 पर सहायक अध्यापक मोनिका शर्मा, दीपाली कृष्णा, नीलम देवी और शिक्षामित्र योगेश विद्यालय छुट्टी होने से पहले ही चले गए थे। उच्च प्राथमिक विद्यालय उनौला में सहायक अध्यापक अमिता सिंह, संध्या सिंह, रचना सिंह, नरायन देवी, आयुष, अनुदेशक बीना शर्मा, गुंजन भी विद्यालय का अवकाश होने से पूर्व ही विद्यालय से जा चुके थे। ऐसे में इन सभी का वेतन/मानदेय रोकते हुए तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है।