उझानी (बदायूं)। नए खुले एक निजी नर्सिंग होम संचालक के बुलावे पर जुटी आशाओं को उपहार बांटे जाने के शोर के बाद एमओआईसी राजेश कुमार ने सोमवार दोपहर कई आशाओं को चिह्नित किया। हालांकि वह अब भी वीडियो मिलने से इन्कार कर रहे हैं।
एमओआईसी ने पूर्वाह्न स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भेजकर कुछ निजी नर्सिंग होम के बारे में जानकारी कराई। खासकर बाईपास के आसपास के नर्सिंग होम निशाने पर रहे। उनके पंजीकरण पर भी गौर किया गया। जिस नर्सिंग होम में आशाओं को बुलाकर उपहार बांटे जाने का मामला बताया जा रहा है, उसके संचालक को भी तलब किए जाने की बात सामने आ रही है। एमओआईसी ने बताया कि उन्होंने उपहार लेकर निजी नर्सिंग होम से बाहर निकलीं आशाओं का वीडियो नहीं देखा है लेकिन शुरुआती जांच में कुछ बातें सामने आई हैं। उसी के आधार पर चार आशाओं से जवाब मांगा गया है। सीएमओ को अवगत कराया गया है। जरूरत पड़ी तो विभागीय अफसरों की टीम मौके पर जाकर हकीकत का पता करेगी। दरअसल, निजी नर्सिंग होसंचालक आशाओं के जरिये गर्भवती महिलाओं को अपने नर्सिंग होम में भर्ती कराते हैं। आशाओं को आर्थिक रूप से प्रोत्साहित भी किया जाता रहा है।