घरों पर जाकर बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करते एडी बेसिक। संवाद
- फोटो : BADAUN
बदायूं। स्कूल चलो अभियान के तहत आउट ऑफ स्कूल बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन कराने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को एडी बेसिक ने जिले के कुछ स्कूलों का निरीक्षण किया तो पाया कि अधिकतर ब्लॉकों में नामांकन की स्थिति बेहद खराब है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वह खुद बच्चों के घर पर पहुंचे और अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
बरेली मंडल के सहायक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) गिरवर सिंह ने शनिवार दोपहर बाद शहर के परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि परिषदीय स्कूलों में नए नामांकन की स्थिति अच्छी नहीं है। इस पर अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद उन्होंने स्वयं ही मलिन बस्ती नेकपुर का रुख किया। उनके साथ बीएसए डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह भी थे। वहां पहुंचकर एडी बेसिक ने कुछ घरों में परिवार के लोगों से वार्ता की और उन्हें अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया। परिवारों की हामी के बाद मौके पर ही नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद में निकटतम परिषदीय विद्यालय पुलिस लाइन में 13 बच्चों का नामांकन कराया। वहीं कबूलपुरा के प्राथमिक विद्यालय न जाने वाले 15 बच्चों के माता-पिता, अभिभावकों से मिलकर नामांकन प्रक्रिया को मौके पर ही पूरा कराया।
-
प्राइवेट भवनों में चल रहे सरकारी स्कूल भी देखे
एडी बेसिक ने शहर में किराये की बिल्डिंग में चल रहे परिषदीय स्कूलों को भी चेक किया। उन्होंने पाया कि परिषदीय विद्यालय कबूलपुरा नंबर -1, 2 व 3, प्राथमिक विद्यालय फरशोरी टोला, प्राथमिक विद्यालय खंडसारी नंबर-1 व 2, प्राथमिक विद्यालय सराय नंबर- 1, प्राथमिक विद्यालय शहबाजपुर नंबर-1 व 2, प्राथमिक विद्यालय लालपुल, प्राथमिक विद्यालय नाहर खां सराय नंबर-2 आदि के भवन जर्जर व जीर्णशीर्ण अवस्था में हैं। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देशित किया कि वह स्कूलों की मौजूदा स्थिति के बारे में रिपोर्ट बनाकर दें, वह मंडलायुक्त को इस बारे में बताएंगे।