बदायूं। कोरोना केस बढ़ने के साथ में शासन ने वैक्सीनेशन पर जोर दिया है। इसके तहत एडीएम प्रशासन ने डीआईओएस के साथ कॉलेजों के प्रधानाचार्यों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि सभी प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालय के सभी स्टाफ को बुलाकर वैक्सीनेशन कराएं।
शनिवार को कलक्ट्रेट में एडीएम प्रशासन ऋतु पुनिया ने उन प्रधानाचार्यों की बैठक ली। जहां पर कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लगाई जा रही है। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि सभी प्रधानाचार्य इस बात पर विशेष जोर दें कि वे अपने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को जो 15 से 18 साल के हैं, उनको टीका अवश्य लगवाएं। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि टीकाकरण जिस विद्यालयों में हो, उस दिन संबंधित विद्यालयों का पूरा स्टाफ मौजूद रहना चाहिए।
डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने कहा कि सभी प्रधानाचार्य इसको गंभीरता से लें। मौजूदा समय को देखते हुए छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लगना बेहद जरूरी है। इसमें किसी भी स्तर से लापरवाही नहीं होनी चाहिए। छात्र-छात्राओं को कॉल करके इसके बारे में बताएं और उन्हें वैक्सीनेशन के लिए कॉलेज में बुलवाएं। संवाद