बदायूं की निशात लेंगी अमेरिकी कांफ्रेंस में हिस्सा
वुमन इन कैंसर रिसर्च स्कॉलरशिप अवॉर्ड से नवाजा जाएगा निशात को
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर के मोहल्ला फरशोरी टोला की रहने वाली निशात मंजर को एएसीआर (अमेरिकन एसोसिएशन इन कैंसर रिसर्च) की ओर से वुमन इन कैंसर रिसर्च स्कॉलरशिप अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। इसके तहत अब निशात अमेरिका में जाकर अपना प्रजेंटेशन देंगी।
आईआईटी कानपुर से बायोलॉजिकल साइंसेज एंड बायोइंजीनियरिंग (बीएसबीई) विभाग की सीनियर प्रोफेसर अतीक बुशरा और इसी विभाग की छात्रा निशात मंजर को एएसीआर की ओर से सम्मानित किया जाएगा। यह अवार्ड प्रोस्टेट कैंसर पर शोध के लिए दिया गया है। निशात 24 अक्तूबर को अमेरिका में होने वाली कांफ्रेंस में हिस्सा लेंगी।
निशात मंजर शहर के मोहल्ला फरशोरी टोला की रहने वाली हैं। निशात ने अपनी शुरुआती पढ़ाई बदायूं से की है। इसके बाद ग्रेजुएशन, पोस्टग्रेजुएशन के लिए एएमयू अलीगढ़ चली गई थीं। निशात के पिता मंजर फरशोरी 20 वर्षों तक एयरफोर्स में सेवा दे चुके हैं, फिलहाल वह सखानू की पीएनबी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि निशात की उपलब्धि पर परिवार को गर्व है। निशात ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने पिता को दिया। उन्होंने बताया कि वह एक वैज्ञानिक बनना चाहती हैं।