कांवड़ियों की दिक्कतें बयां करते भाकियू नेता। स्रोत: यूनियन
उझानी। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के नेताओं ने बैठक कर मुख्य बाजार मार्ग पर अतिक्रमण होने को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि अतिक्रमण के चलते गुजरने वाले कांवड़ियों को जगह-जगह जाम का सामना करना पड़ेगा। नेताओं ने सड़क चौड़ीकरण में देरी और बिजली के तार झूलते रहने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
यूनियन के नेताओं की बैठक संगठन के कार्यालय पर रविवार दोपहर हुई। इसमें प्रदेश सचिव आसिम उमर ने कहा कि मुख्य बाजार की सड़क के चौड़ीकरण में देरी कांवड़ियों के लिए सबसे बड़ी दिक्कत है। कल्याण सिंह चौक से मंडी समिति तिराहे तक अधिकतर स्थानों पर फुटपाथ खुदा पड़ा है। कुछ स्थानों पर ही मरम्मत हुई है।
कांवड़ यात्रा के दौरान बारिश होने पर गड्ढों में पानी भरा तो कांवड़ियों के साथ हादसा भी हो सकता है। इसी तरह सड़क किनारे खंभों से बिजली के तार और केबल झूल रही हैं। उन्हें जल्द ही ठीक कराया जाना चाहिए।
कांवड़ यात्रा मार्ग अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त कराया जाए। बाजार में जाम लगने से भी कांवड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कांवड़ यात्रा संपन्न होने तक बाजार में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की आवाज भी उठाई। यूनियन के नेताओं ने कार्रवाई के लिए डीएम को ज्ञापन भेजा है। बैठक में जिला प्रभारी कृष्ण औतार शाक्य, भगवान दास, राकेश शर्मा, राजेश मथुरिया, साजिद सैफी और धर्मवीर आदि मौजूद थे।