शहर के जोगीपुरा में रात को खंभे की लाइनों में स्पार्किंग होती हुई। संवाद
बदायूं। शहर के पनबड़िया बिजली उपकेंद्र क्षेत्र में आने वाले जोगीपुरा इलाके में लक्ष्मीलॉन समेत आसपास के कई जगह की बिजली गुल हो गई।अंधेरा हो जाने के बाद राहगीरों को जहां भारी परेशानी का सामना करना पड़ा वहीं, दुकानदारों को जल्दी दुकानें बंद कर घर जाने को मजबूर होना पड़ा।
लक्ष्मी लॉन के पास बिजली खंभों पर लाइनों के गुच्छे बने हुए हैं। आए दिन यहां फॉल्ट हो जाते हैं। बिजली निगम के कर्मचारियों की देखभाल न हो पाने के कारण बिजली उपभोक्ताओं को इससे भारी परेशानी उठानी पड़ती है। रात में करीब पौने सात बजे खंभे से चिंगारियां छूटीं तो लोग इधर-उधर भागने लगे। उन्हें खंभे से तार टूटने का डर सताने लगा। लोगों ने तत्काल पनबड़िया बिजली उपकेंद्र को सूचना दे दी, लेकिन काफी समय तक बिजली निगम के कर्मचारी लाइन जोड़ने नहीं पहुंचे। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष रहा।
आज बंद रहेगी उसावां समेत सभी छह फीडरों की बिजली
उसावां। कस्बे के 33 / 11 केवीए विद्युत उपकेंद्र पर शनिवार को आकस्मिक अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। इसके तहत उसावां टाउन सहित सभी छह फीडरों की बिजली आपूर्ति शनिवार को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक बंद रहेगी। एसडीओ विद्युत ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने व सहयोग करने की अपील की है। संवाद
उझानी में भी आज दिन भर बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
उझानी। स्थानीय बिजली उपकेंद्र परिसर में केबल परिवर्तन और ट्रांसफॉर्मर से लाइन जोड़े जाने को लेकर शनिवार सुबह नौ बजे से काम शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। जेई शिवसरन ने बताया कि इस दौरान पूरे कस्बे समेत उपकेंद्र से देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। संवाद