बदायूं। आगरा की कंपनी की नकली दवाई खपाने के मामले में शुक्रवार को डीएम अवनीश राय, सहायक आयुक्त संदीप कुमार के निर्देशन में मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की गई। दहगवां के सौरभ मेडिकल स्टोर से एंटी एलर्जी एलग्रा के तीन नमूने लिए गए। इसके साथ ही शहर में भी नकली दवा खपाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
एसटीएफ और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने 22 अगस्त को आगरा के फव्वारा बाजार में मां मेडिकल और बंसल मेडिकल एजेंसी पर छापा मार कर नकली दवाएं जब्त की गईं थीं। कई नामचीन कंपनियों की पैकिंग में नकली दवाएं रखकर बेची जा रही थीं। जांच में सामने आया है कि बदायूं शहर और आसपास के मेडिकल स्टोरों में दवाएं खपाई गई हैं। इसी को लेकर विभाग की टीम कई दिनों से जांच कर रही है। औषधि निरीक्षक लवकुश कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि दहगवां के सौरभ मेडिकल स्टोर पर आगरा की एलग्रा कंपनी की नकली दवा खपाई गई है। शुक्रवार को वहीं छापा मार कर तीन दवाओं के सैंपल लिए गए। उन्होंने बताया कि जिस बैच की नकली दवा सप्लाई की गई। उस बैच की दवा तो नहीं मिली लेकिन दूसरे बैच की दवाएं मिली है। कुछ दवाओं को सील कर दिया गया है। मेडिकल स्टोर का थोक विक्रेता का लाइसेंस पाया गया। दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।